— गाड़ासरई में होटल, बेकरी और किराना दुकानों की जांच में मिलीं कई अनियमितताएं, 14 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे
डिंडौरी। दीपावली त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी और एक्सपायरी सामग्री की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 3 नवंबर को गाड़ासरई क्षेत्र में प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, बेकरी एवं किराना दुकानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और प्रतिष्ठानों की स्वच्छता में भी कई खामियां सामने आईं।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह टेकाम और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजबहादुर की संयुक्त टीम ने गाड़ासरई के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गुरु कृपा कॉफी सेंटर में एक्सपायरी डेट के मैगी मसाले, सूप, टोमेटो सॉस और सोया सॉस के पैकेट मिले। टीम ने उक्त सामग्री जब्त कर मौके पर नष्ट कराई। प्रतिष्ठान में दूध, पनीर एवं खोवा की जांच के साथ पनीर और खोवा की बर्फी के नमूने भी लिए गए। संचालक को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद इंदौर बेकर्स के निरीक्षण में एक्सपायरी डेट का माजा फ्रूट ड्रिंक मिला, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने एवन बेकरी, सतगुरु कृपा फ्रूट्स, शिवालय होटल और नंदकिशोर समोसा सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां अमित रोल, खोवा की बर्फी, मोतीचूर के लड्डू और काजू कतली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
जांच के दौरान कुछ नमकीन सलोनी और अन्य खाद्य सामग्री के पैकेट पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं मिली। वहीं कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। प्रशासनिक टीम ने संबंधित कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नोटिस जारी कर कमियों में सुधार करने और स्वच्छता के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह टेकाम के अनुसार अभियान के दौरान कुल 14 खाद्य नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार में भी जारी रहेगी निगरानी
दीपावली के दौरान मिठाई, नमकीन, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जांच अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर निगाहें रहेंगी, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर कितने खरे उतरते हैं।

