डिंडौरी। जिला मुख्यालय स्थित डैम घाट के निषाद राज मंगल भवन में स्थानीय ढीमर समाज की सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। समाजहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का उद्देश्य समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने के साथ सामाजिक कार्यों में प्रत्येक सदस्य की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। समाजजनों ने कहा कि आपसी समन्वय और सहयोग से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान सामाजिक कार्यों को जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
निमंत्रण व्यवस्था के लिए वार्डवार जिम्मेदारी
सामाजिक कार्यक्रमों और निमंत्रण व्यवस्था को लेकर होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए बैठक में वार्डवार जिम्मेदार सदस्य नियुक्त किए गए। नर्मदा गंज से समारू बर्मन एवं रिंकू बर्मन, शांति नगर से प्रकाश बर्मन एवं धनेश्वर नंदा, गल्ला गोदाम से संतोष बर्मन एवं प्रकाश बर्मन, पुरानी डिंडोरी से बलराम बर्मन एवं हीरालाल बर्मन, मुलैया टोला से पप्पू बर्मन एवं शंभू बर्मन तथा सुबखार/रहली मोहल्ला से दुर्गेश बर्मन एवं संतोष बर्मन को जिम्मेदारी सौंपी गई।
पांच पंचों का निर्विरोध चयन
समाज में आपसी समन्वय बनाए रखने और सामाजिक बैठकों के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सोनू बर्मन, गनपत बाबू, बुख्खा भाई, दुर्गेश बर्मन एवं रामगोपाल नंदा को सर्वसम्मति से पंच चुना गया।
नवनिर्वाचित पंचों का समाजजनों ने तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं समाज के सामाजिक मुखिया सुशील बर्मन एवं लल्लू बर्मन ने पगड़ी बांधकर उनका सम्मान किया। पंचों के चयन पर समाजजनों ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की और उन्हें समाजहित में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
बैठक के अंत में समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक जिम्मेदारियों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। उपस्थित समाजजनों ने समाजहित में लिए गए निर्णयों को सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए भविष्य में भी मिल-जुलकर कार्य करने की बात कही।
