डिंडौरी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली कलेक्ट्रेट प्रांगण से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कलेक्ट्रेट मैदान पहुंची।
रैली में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने अपने दोपहिया वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाया और हेलमेट पहनकर उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया।
तिरंगा बाइक रैली कलेक्ट्रेट प्रांगण से प्रारंभ होकर रानी दुर्गावती चौराहा, पुरानी डिंडौरी, समनापुर तिराहा, भारत माता चौक, बस स्टैंड, जिला राम पेट्रोल पंप एवं कॉलेज तिराहा होते हुए वापस कलेक्ट्रेट मैदान पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया। शहर के विभिन्न मार्गों पर नागरिकों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रैली के माध्यम से जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।
