मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ध्वजारोहण करने वाले मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों की सूची जारी कर दी है। आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, मंत्री एवं राज्यमंत्री अपने-अपने आवंटित जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर तथा उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा में ध्वजारोहण करेंगे।
इसी प्रकार विभिन्न मंत्रियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें संपतिया उइके को मंडला, दिलीप जायसवाल को अनूपपुर, प्रतीमा बागरी को सतना, राधा सिंह को सिंगरौली, राकेश सिंह को जबलपुर, गोविंद सिंह राजपूत को सागर, कैलाश विजयवर्गीय को देवास सहित अन्य मंत्रियों को भी जिलों का प्रभार दिया गया है।
शासन के आदेश में यह भी निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित जिलों के कार्यक्रमों का निर्धारण संबंधित मंत्री से समन्वय कर किया जाएगा। जिन जिलों में किसी मंत्री की ड्यूटी निर्धारित नहीं की गई है, वहां जिला कलेक्टर स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। इन जिलों में रतलाम, शहडोल, नर्मदापुरम, धार, बालाघाट, पांढुर्णा, सिवनी, निवाड़ी, सीधी, बड़वानी, मऊगंज, गुना, उमरिया, आगर-मालवा, हरदा, नीमच, अशोकनगर, कटनी, भिंड, पन्ना, बैतूल, डिंडौरी, मैहर और बुरहानपुर शामिल हैं।

