डिंडौरी। जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरीपानी–थाड़पथरा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पूर्व में निर्मित लगभग 8 किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने थाड़पथरा से पंडरीपानी मार्ग का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क कई स्थानों से उखड़ चुकी है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
जनपद अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन संबंधित सड़क की वर्तमान हालत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण आमजन, छात्र-छात्राओं, मरीजों और किसानों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत एवं सुधार कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। राजू सिंह उद्दे ने यह भी कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार ग्राम भ्रमण किया जा रहा है, ताकि आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जा सके।




