डिंडौरी। मंगलवार को धनंजय सिंह भदौरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उद्योग, नगरीय विकास एवं आवास, पुलिस, खनिज, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, जनजातीय कार्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वाटरशेड तथा खाद्य विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान संभाग आयुक्त ने वनग्रामों में किसानों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं। बैठक में अंजू पवन भदौरिया, भारती ठाकरे, दिव्यांशु चौधरी, जेपी यादव, वैधनाथ वासनिक एवं राजेन्द्र कुमार जाटव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




