Dindori News : 40 वर्षों की सेवा के बाद प्रधान पाठक सिंधु कुमार काशी को भावभीनी विदाई….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। नवीन माध्यमिक विद्यालय बिजौरी के प्रधान पाठक सिंधु कुमार काशी के 40 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया।

 

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा डिंडौरी के अध्यक्ष सुशील कुमार नागेश्वर ने अपने संबोधन में कहा कि सिंधु कुमार काशी ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उनकी निष्कलंक छवि और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के ब्लॉक अध्यक्ष जीवन मरावी ने कहा कि शिक्षकों को काशी के कार्यों और अनुशासन से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिला संयोजक राम कुमार गर्ग ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए उनके सेवाकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

 

विदाई समारोह में ग्राम सरपंच श्रीमती हेमलता मरावी, पूर्व सरपंच हीरा पाटले, वरिष्ठ शिक्षक जगत सिंह आर्मो, मनीष मरावी, प्रधान पाठक मनीष मरकाम, विश्राम सिंह टेकाम, अधीक्षक देववती मरावी, पुनिया पाटले सहित अनेक शिक्षक, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

अंत में प्रधान पाठक मनीष मरकाम ने सिंधु कुमार काशी के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने उनके लंबे और प्रेरणादायी सेवाकाल को याद कर शुभकामनाएं दीं।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *