Dindori News : 40 स्कूलों के स्काउट-गाइड ने लिया द्वितीय सोपान प्रशिक्षण, कठौतिया में गूंजा अनुशासन का स्वर….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर भदौरिया के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग राजेंद्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में भारत स्काउट एवं गाइड के वार्षिक कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड द्वितीय सोपान जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह पांच दिवसीय आवासीय शिविर बुधवार 24 दिसंबर से रविवार 28 दिसंबर 2025 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठौतिया, विकासखंड मेहंदवानी में संपन्न हुआ।

शिविर में विकासखंड शहपुरा, मेहंदवानी एवं अमरपुर के लगभग 40 विद्यालयों से 165 स्काउट, 72 गाइड तथा 32 स्काउटर-गाइडर सहित कुल 269 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। शिविर का संचालन शिविर संचालक श्री रामकुमार चंद्रौल के नेतृत्व में सहायक प्रशिक्षक श्री कैलाश संत, श्री प्रदीप बैरागी एवं श्री अशोक चंद्रौल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण शिविर में प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनुशासित दिनचर्या के अनुसार गतिविधियां संचालित की गईं।

प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड को ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, मार्च पास्ट, योगासन, साहसिक गतिविधियां, दिशा ज्ञान, खोज के चिन्ह, यातायात नियम, विभिन्न प्रकार की गांठें, विषम परिस्थितियों में जीवन यापन, सामूहिक जीवन शैली, सहयोग की भावना, स्काउट प्रतिज्ञा, प्रार्थना, सर्वधर्म प्रार्थना, नेतृत्व विकास एवं देशभक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

भारत स्काउट एवं गाइड डिंडौरी के प्रभारी पुरुषोत्तम सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि स्काउटिंग बच्चों के नैतिक, चारित्रिक, बौद्धिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और उन्हें ऊर्जावान व आत्मनिर्भर बनाती है। स्काउटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को ट्रैकिंग, हाइकिंग, पर्वतारोहण, शीलारोहण, कैंपिंग, नौकायन, तैराकी, सामुदायिक सेवा सहित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग आदर्श नागरिक निर्माण का एक विश्वस्तरीय युवा आंदोलन है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *