डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, जिला उपयंत्री, निर्माणकारी एजेंसियों एवं निविदाकारों की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान कलेक्टर भदौरिया ने सभी निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और किसी भी निर्माण कार्य के हस्तांतरण से पूर्व कार्यपालन यंत्री द्वारा अनिवार्य रूप से स्थल निरीक्षण किया जाए।
उप स्वास्थ्य केंद्र पाटनगढ़ के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों को कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए, जिसमें कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को शामिल किया गया है। समिति द्वारा निर्माणाधीन कार्यों का परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
कलेक्टर भदौरिया ने संबंधित संविदाकार को निर्देशित किया कि उप स्वास्थ्य केंद्र पाटनगढ़ का निर्माण कार्य स्वीकृत डीपीआर के अनुसार ही कराया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधितों के विरुद्ध वसूली सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




