— डिंडौरी में कर्मचारी नाराज! वेतन नहीं मिलने पर सामूहिक छुट्टी
डिंडौरी। जिले जनपद पंचायत अमरपुर क्षेत्र के ग्राम रोजगार सहायकों ने लंबे समय से मानदेय भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में ग्राम रोजगार सहायक संघ, अमरपुर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिंडौरी को लिखित सूचना दी गई है।
— पत्र के मुताबिक
पत्र के अनुसार, ग्राम रोजगार सहायकों का मानदेय पिछले 4 माह से लंबित है, जिसके कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। सहायकों ने बताया कि वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो रहे हैं, यहां तक कि बच्चों की पढ़ाई, भोजन और दैनिक खर्चों में भी दिक्कतें आ रही हैं। पेट्रोल और अन्य आवश्यक खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन ग्राम रोजगार सहायकों द्वारा लगातार किया जा रहा है, बावजूद इसके समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।
इसी स्थिति को देखते हुए ग्राम रोजगार सहायकों ने सामूहिक रूप से निर्णय लेते हुए 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक सामूहिक अवकाश पर रहने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि तक मानदेय का भुगतान नहीं होता है, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। पत्र के अंत में बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सहायकों के हस्ताक्षर भी संलग्न हैं, जो इस निर्णय का समर्थन दर्शाते हैं।





