— एक पल की चूक और खत्म हो गई जिंदगी, मिट्टी धसकने से महिला ने तोड़ा दम…
डिंडौरी। जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया कला में छुई मिट्टी निकालने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए मृतका के परिजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया कला स्थित निजी भूमि खसरा क्रमांक 230, रकबा 0.41 हेक्टेयर में आसपास के ग्रामीण अपने कच्चे मकानों की छपाई के लिए छुई मिट्टी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धसक गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, लेकिन ममता बाई झरिया (47 वर्ष), पति केशव झरिया, मिट्टी के नीचे दब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी मशीन की सहायता से महिला को मिट्टी से बाहर निकाला गया तथा 112 एम्बुलेंस सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला प्रशासन के अनुसार मृतका का संबल कार्ड पंजीकृत होने के कारण मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा रेडक्रॉस समिति की ओर से 50 हजार रुपये की सहायता राशि तथा अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत महिला को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवार को शासन की सभी पात्र योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। जिला प्रशासन ने बताया कि पीड़ित परिवार को राहत एवं सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया लगातार जारी है और शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।




