— गाड़ासरई-बजाग में छापा! अवैध गिट्टी-रेत परिवहन का खुलासा
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है।
विगत दिनांक 20 फरवरी 2026 को ग्राम गाड़ासरई, तहसील बजाग एवं थाना गाड़ासरई क्षेत्र में ओवरलोड गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए तीन वाहनों को पकड़ा गया। जब्त वाहनों में एक ट्रैक्टर MP52AA3070 और दो हाइवा CG10BG2212 और CG31B6419 शामिल हैं। इन वाहनों के स्वामी रतन गुप्ता बताए गए हैं। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को सुरक्षार्थ थाना गाड़ासरई परिसर में खड़ा कराया गया।
इसी प्रकार 21 फरवरी 2026 को बिना नंबर का एक स्वराज ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे जब्त कर थाना बजाग में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिज विभाग ने सभी संबंधित वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। मामले को आगे की कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सोर्स:—जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी।
