डिंडौरी। अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में संचालित वाटर टूरिज्म गतिविधियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से डैम घाट डिंडौरी में नाव संचालकों की बैठक आयोजित की गई। हाल ही में बरगी डैम नाव हादसा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने नाव संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। सीएमओ अमित तिवारी ने सभी नाव संचालकों को अपनी नावों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक नाव में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट, सुरक्षा ट्यूब एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तेज हवा, खराब मौसम अथवा किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में नाव को नदी में नहीं उतारा जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नाव संचालकों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता एवं आपातकालीन स्थिति में बचाव उपायों की जानकारी भी दी गई।




