— डिंडौरी में समय-सीमा बैठक, सीएम हेल्पलाइन पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सभी विभाग समय पर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। जिन विभागों द्वारा हेल्पलाइन अटेंड नहीं की गई, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बार-बार शिकायत आने वाले विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पशुपालन विभाग की लापरवाही पर विशेष रूप से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री के जल गंगा संवर्धन अभियान की वीडियो कॉन्फ्रेंस में अनुपस्थित अधिकारियों पर भी सख्ती दिखाई गई और उन्हें नोटिस देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पीएम आवास, जनमन आवास, धरती आबा योजना और ई-केवाईसी जैसे कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने परिवहन, खनिज और आबकारी विभाग को अवैध परिवहन, अवैध उत्खनन और मादक पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, खाद्य विभाग को गेहूं उपार्जन केंद्रों पर गर्मी के मद्देनजर पेयजल, छाया, भुने चने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। परिवहन विभाग को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेडियम पट्टी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
विद्यालयों में 30 अप्रैल तक सभी छात्रों का प्रवेश पूर्ण करने और पात्र छात्रों को साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाब प्रस्तुत करने के लिए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई।
जल संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने विशेष जोर देते हुए सभी सरकारी भवनों और घरों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, जियो टैग फोटो जमा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जल स्तर बनाए रखने में मदद मिल सके। नगरपालिका को डिंडौरी और शहपुरा क्षेत्र के डिवाइडरों की स्वच्छता बनाए रखने और अवैध बैनर हटाने के निर्देश दिए गए। आगामी जनगणना 2027 को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी घोषित की गईं—28 अप्रैल को डिंडौरी, 7 मई को शहपुरा और 14 मई को अमरपुर में आयोजन किया जाएगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, प्रियांशी जैन सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




