Dindori News : परीक्षा में लापरवाही पड़ी भारी ! छात्रा का रिजल्ट रोका, जिम्मेदारों की वेतन वृद्धि रोकी….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं परीक्षा में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बजाग स्थित परीक्षा केंद्र में नियमों का उल्लंघन करते हुए एक छात्रा को पूरक कॉपी जारी कर दी गई, जबकि मंडल के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार परीक्षा के दौरान पूरक कॉपी देने का कोई प्रावधान नहीं है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारी आराधना गजेंद्र, जो मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजाग की छात्रा हैं, अंग्रेजी विषय की परीक्षा दे रही थीं। इसी दौरान केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं कक्ष पर्यवेक्षक द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए उन्हें पूरक कॉपी प्रदान कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रा का परीक्षा परिणाम रोक दिया है। अब छात्रा को द्वितीय अवसर के तहत पुनः परीक्षा देनी पड़ेगी।

 

इस लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर की अनुशंसा पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। केंद्र अध्यक्ष चरण लाल मरावी, सहायक केंद्र अध्यक्ष मंगरु लाल परस्ते और कक्ष पर्यवेक्षक श्रीमती गोमती मरावी की एक-एक वेतन वृद्धि रोक दी गई है। वहीं, कक्ष पर्यवेक्षक अनुग्रह दीप को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *