डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में जिले में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अलग–अलग विभागों से योजनावार जानकारी लेकर कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, वाटरशेड और 15वें वित्त आयोग से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष फोकस किया गया। इनमें आंगनवाड़ी भवन, नवीन जनपद पंचायत भवन, अटल ग्राम सुशासन भवन, जल गंगा संवर्धन कार्य, तालाब एवं मेढ़ तालाब निर्माण, ग्रेबियन संरचनाएं, पेयजल कूप, स्टॉप डेम, कूप निर्माण एवं मेढ़ बंधान सहित अन्य विकास कार्य शामिल रहे।
कलेक्टर ने कई कार्यों में अपेक्षा से कम प्रगति और लंबित निर्माणों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एसडीओ और सब इंजीनियरों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। लापरवाही और संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित उपयंत्री एवं सहायक यंत्रियों सहित कुल 36 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता व पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंच सके। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पंकज जैन, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सोर्स:— जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी।
