डिंडौरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में पुताई एवं साफ-सफाई कार्य में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, परियोजना शहपुरा के सेक्टर मानिकपुर अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र लालपुर दादर टोला एवं लालपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विभाग द्वारा राशि जारी किए जाने के बावजूद पुताई एवं साफ-सफाई का कार्य नहीं कराया गया। साथ ही केंद्रों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली और संबंधित पर्यवेक्षक को मामले की समुचित जानकारी तक नहीं थी।
इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए पर्यवेक्षक लक्ष्मी शिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिले के अन्य सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में जहां पुताई एवं साफ-सफाई के लिए राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है, वहां शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





