— जनधारा न्यूज की खबर के बाद प्रशासन सख्त, वसूली के आरोपों पर कार्रवाई शुरू
डिंडौरी। जिले मेंहदवानी विकासखंड में संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) में गड़बड़ी और अवैध वसूली के मामले को लेकर जनधारा न्यूज में प्रकाशित खबर का बड़ा असर अब सामने आया है। खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आंगनवाड़ी केंद्र कुम्हार टोला की कार्यकर्ता माया मरावी पर आरोप है कि उन्होंने हितग्राही का आवेदन स्वयं ऑनलाइन दर्ज नहीं किया और बाहर से आवेदन कराने के नाम पर ₹100 की राशि वसूली। यह मामला जनसुनवाई और मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।
जांच के दौरान संबंधित पर्यवेक्षक दसोदा भलावी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कार्यकर्ता का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा द्वारा भी अंतिम नोटिस जारी कर उन्हें उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मामले में संबंधित पर्यवेक्षक की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने पर परियोजना अधिकारी मेंहदवानी ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को पत्र भेजा है।
खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सभी आवेदन स्वयं अपने मोबाइल से ऑनलाइन दर्ज किए जाएं और किसी भी हितग्राही से किसी प्रकार की राशि न ली जाए। तकनीकी समस्या होने की स्थिति में कार्यालय या सेक्टर पर्यवेक्षक से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्राम मेंहदवानी निवासी रजनी प्रजापति ने कलेक्टर को शिकायत देकर योजना के नाम पर अवैध वसूली, वित्तीय गड़बड़ी और शासकीय आईडी के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया था कि योजना पूरी तरह निःशुल्क होने के बावजूद फॉर्म भरने के नाम पर राशि ली जा रही है। अब पूरे मामले में प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजरें टिकी हुई हैं।
— पूर्व में प्रकाशित खबर…
