डिंडौरी। मध्यप्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल “मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार” योजना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के तहत अब राशन सीधे गांवों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों को लंबी दूरी तय करने की परेशानी से मुक्ति मिल रही है।
जिले के धमनी से कुसेरा सेक्टर क्रमांक 02 मेंहदवानी, खजरी से आमगांव तथा ग्राम जलेगांव में घर-घर राशन वितरण का कार्य सफलतापूर्वक किया गया। वितरण के दौरान पात्र परिवारों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
पहले जहां ग्रामीणों को राशन लेने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाना पड़ता था, वहीं अब यह सुविधा उनके गांव तक ही पहुंच रही है। इससे न केवल समय और श्रम की बचत हो रही है, बल्कि बुजुर्गों और महिलाओं को भी बड़ी राहत मिल रही है। ग्रामीणों ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उनके जीवन को आसान बना रही है। साथ ही, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।




