डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आज दिन मंगलवार को शारदा टेकरी पहाड़ी पर पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शारदा टेकरी मंदिर परिसर में बनाए जा रहे शेड, प्रतीक्षालय, सीढ़ियां, बैठक व्यवस्था, पेयजल सुविधा, रेलिंग, बाउंड्री वॉल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
पर्यटन विभाग के एसडीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी निर्माण कार्य आगामी दो माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। कलेक्टर ने शारदा ट्रैक परिसर में साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने डैम घाट का निरीक्षण किया, जहां 19 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले सूर्य उपासना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस अवसर पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” का भी शुभारंभ किया जाएगा। कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर पालिका डिंडौरी, शिक्षा विभाग, एनआरएलएम, जनपद पंचायत डिंडौरी, आरईएस एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।




