मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, विभिन्न जनपद पंचायत अध्यक्षों के साथ कलेक्टर नेहा मारव्या, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की नर्मदा अपर परियोजना, राघवपुर एवं बसनिया बहुउद्देशीय परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद कुलस्ते ने कहा कि किसानों को समय पर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि नहरों के माध्यम से खेतों तक जल समय पर पहुँचे और अपूर्ण कार्य छोड़ने वाले ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
लोक निर्माण विभाग की प्रस्तुतियों की समीक्षा के दौरान सांसद ने डिंडौरी–शहपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नर्मदा और सिलगी नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने और सड़क व पुल कार्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। सांसद ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मानक उल्लंघन स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में सांदीपनी विद्यालय भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध पूरे हों तथा विद्यालय भवनों तक पहुँच मार्ग का निर्माण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
सांसद कुलस्ते ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि ढिलाई या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




