— घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता | LPG वितरण पर प्रशासन का बड़ा फैसला
डिंडौरी। जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता और सुचारू वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन ने गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कार्यालय (खाद्य शाखा) से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी गैस वितरकों को घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। साथ ही एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि खाद्य विभाग और ऑयल कंपनियों के अधिकारी गैस एजेंसियों पर घरेलू तथा वाणिज्यिक सिलेंडरों के स्टॉक की नियमित समीक्षा करेंगे और इसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को उपलब्ध गैस स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन का उपयोग करने की सलाह भी दी जाएगी।
इसके अलावा गैस एजेंसियों की नियमित जांच की जाएगी और किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की गैस एजेंसियों के साथ समन्वय कर प्रतिदिन गैस आपूर्ति की प्रगति का विवरण ऑनलाइन माध्यम से अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




