डिंडौरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा जिला पोषण समिति के निर्देशों के पालन में संपन्न हुआ।
कलेक्टर भदौरिया ने निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन के लिए कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले में नियुक्त मास्टर ट्रेनरों द्वारा नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पोषण ट्रैकर एप्लीकेशन के उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से पोषण ट्रैकर में आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित विभिन्न प्रकार की प्रविष्टियां करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर एप्लीकेशन के उपयोग का अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह की रोकथाम, आंगनवाड़ी केंद्रों में हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करने, समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लिंगानुपात में सुधार के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त किशोरियों एवं महिलाओं के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई।
