Dindori News : मिठाई के नाम पर सेहत से खिलवाड़! खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई में कई दुकानों की पोल खुली… नोटिस जारी..

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

होली पर मिलावटखोरों पर बड़ा प्रहार, डिंडौरी में एक्सपायरी मिठाइयाँ जब्त

 

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू भदौरिया के निर्देशन एवं अभिहित अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों, मिष्ठान भंडारों एवं होटलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि जिले में आसपास के जिलों से निर्मित मिठाइयों, दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति होती है, जिसको देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

निरीक्षण के दौरान न्यू खेतेश्वर राजस्थान स्वीट्स में बड़ी मात्रा में चिप्स, नूडल्स एवं किशमिश के एक्सपायरी पैकेट पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार हेतु खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 13(2) के तहत नोटिस जारी की गई। इसी क्रम में गाड़ा सरई स्थित गुरु कृपा चाय कॉफी सेंटर एवं स्वीट्स और A1 बेकरी का निरीक्षण किया गया, जहां एक्सपायरी नमकीन, डोनट्स और ब्रेड जब्त कर नष्ट कराए गए।

 

जय मां अंबे किराना स्टोर से भी एक्सपायरी टोस्ट और पापड़ जब्त कर नष्ट किए गए, वहीं काजू कतली, घी, पनीर, बादाम बर्फी और तेल के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। शहपुरा क्षेत्र में भी त्योहार को देखते हुए सघन जांच की गई। शिव की रसोई होटल से खोवे की बर्फी एवं लड्डू के नमूने लिए गए। पटेल दूध डेरी से मिक्स मिल्क तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई चाप एवं नमकीन के नमूने संग्रहित किए गए।

 

मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच में यदि नमूने अवमानक पाए जाते हैं तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 के तहत संबंधित विक्रेताओं पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *