Dindori News : ग्रामीणों को बेहतर इलाज प्राथमिकता, लापरवाही पर गिरेगी गाज….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं पर कलेक्टर की सख्ती, निर्माणाधीन आयुष व उप स्वास्थ्य केन्द्रों का किया निरीक्षण

डिंडौरी। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन आयुष आरोग्य केन्द्रों तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र देवलगढ़, चौबीसा और कलगीटोला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए संबंधित एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण सामग्री से और तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

 

कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र देवलगढ़ में केन्द्र की संचालक एवं सीएचओ सुश्री प्रतीक्षा हरदा से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध दवाइयों का निरीक्षण करते हुए उनकी एक्सपायरी डेट की जांच की और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्र प्रभारी चिकित्सक से विभिन्न रजिस्टरों का परीक्षण कर ग्राम से उपचार के लिए आने वाले मरीजों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्राम स्तर पर एनीमिया एवं सिकल सेल जांच, आधार लिंकिंग तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।उप स्वास्थ्य केन्द्र चौबीसा में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को शीघ्र जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

कलेक्टर भदौरिया ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *