Mp News : संवाद से सुलझा विवाद ! बस ऑपरेटर्स ने वापस लिया हड़ताल का फैसला…..

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रस्तावित बस हड़ताल फिलहाल टल गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। बैठक में बस ऑपरेटर्स की शंकाओं, कठिनाइयों और हालिया अधिसूचना से जुड़ी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बस संचालकों की सभी समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और सहमति से निकाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य सभी हितों की रक्षा करते हुए प्रदेश में लोक परिवहन सेवा को निर्बाध और सुचारू रूप से संचालित रखना है।

 

बैठक के दौरान संबंधित सूचना/अधिसूचना को फिलहाल होल्ड करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे बस ऑपरेटर्स की प्रमुख चिंताओं को तत्काल राहत मिली। सरकार के इस सकारात्मक रुख के बाद एसोसिएशन ने 2 मार्च 2026 से प्रस्तावित बस हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के साथ संवाद से समाधान का रास्ता खुला है और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

इस फैसले से लाखों यात्रियों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि हड़ताल की स्थिति में प्रदेशभर में बस सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। फिलहाल संवाद के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बन गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *