Dindori News : ‘संकल्प से समाधान’ में ढिलाई नहीं चलेगी, कलेक्टर का अल्टीमेटम—तीन दिन में पूरे हों अधूरे काम…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

हितग्राहियों को राहत का अल्टीमेट आदेश: तीन दिन में समग्र–आधार एंट्री पूरी करने के निर्देश

 

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिण्डौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, अपर कलेक्टर प्रयांशी जैन सहित समस्त जनपद पंचायतों के सीईओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाकर समग्र आईडी एवं आधार कार्ड की प्रविष्टि तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाए। उन्होंने विकासखंड एवं पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित कर लंबित एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंच सके।

कलेक्टर ने निःक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी के 116 चिन्हित मरीजों को विकासखंडवार पोषण किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ‘निःक्षय पोषण मित्र’ के माध्यम से दी जाने वाली किट के नियमित उपयोग को सुनिश्चित कराने पर जोर दिया, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार हो सके।

शिक्षा विभाग को 1 अप्रैल से आयोजित होने वाले प्रवेश उत्सव सप्ताह के दौरान कक्षा 1 से 8 तक विद्यार्थियों के नामांकन को विशेष अभियान के रूप में लेने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, सर्व शिक्षा अभियान एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी विद्यालयों में उपस्थित रहकर प्रवेश उत्सव मनाएं और बच्चों को पेन-कॉपी वितरित कर प्रोत्साहित करें, ताकि जिले का कोई भी बालक-बालिका शिक्षा से वंचित न रहे।

इसके अलावा पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, आयुष तथा निःशक्तजन सामाजिक कल्याण विभाग को चिन्हित दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरण एवं आवश्यक सहायक उपकरणों की सूची तैयार कर शीघ्र लाभ प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ‘संकल्प से समाधान’ अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *