— बच्चा चोरी की अफवाहों से बचें, सच जाने बिना न करें हंगामा—डिंडौरी पुलिस की बड़ी अपील
डिंडौरी। जिला मुख्यालय में सोमवार को बच्चा चोरी और पर्स चोरी की अफवाहों ने दिनभर माहौल गर्माए रखा। अफवाहों के बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की है।
दरअसल, सिटी कोतवाली क्षेत्र में ऑटो से सफर कर रही एक महिला के पर्स से छेड़छाड़ के आरोप में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, किसलपुरी गांव से डिंडौरी आईं शिवकुमारी ठाकुर ने बताया कि ऑटो में उनके बगल में बैठी दो महिलाओं ने उनके पर्स को खोलने की कोशिश की। शक होने पर शिवकुमारी ने विरोध किया और एक महिला को थप्पड़ मार दिया।
इस दौरान दोनों महिलाएं घबरा गईं और ऑटो चालक का कॉलर पकड़ते हुए वाहन से कूद गईं। शिवकुमारी की आवाज सुनकर सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाने वाली राखी रैकवार दौड़कर मौके पर पहुंचीं और दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को थाने ले गई। थाना निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि दोनों महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में महिलाओं के बालाघाट जिले की निवासी होने की बात सामने आई है, जो डिंडौरी नर्मदा दर्शन के लिए आने की बात कह रही हैं। थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
