Dindori News : शासकीय प्राथमिक विद्यालय शिकारीटोला में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जिले समनापुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय शिकारीटोला, भालापुरी में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह, सहभागिता और रोचक अंदाज़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के पूर्व छात्रों, पालकों एवं शाला प्रबंधन समिति के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसमें बच्चों की प्रतिभा और सामुदायिक एकजुटता साफ झलकी। विद्यालय की प्रधान अध्यापिका उमा उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के माता-पिता, पूर्व छात्र-छात्राएं एवं शाला प्रबंधन समिति ने मिलकर वार्षिकोत्सव का आयोजन किया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए सभी ने तन-मन-धन से सहयोग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के वरिष्ठजनों एवं विद्यालय हेतु भूमि दान करने वाले परिवार द्वारा ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन तथा ‘बाल देवो भव’ के उपासक गिजुभाई के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य जे.एस. कुशरे, एपीसी अकादमिक एवं पूर्व बीईओ रहे शशिभूषण बघेल (वर्तमान में कन्या परिसर प्राचार्य), ब्लॉक अध्यक्ष आज़ाद अध्यापक शिक्षक संघ सुनील शुक्ला, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य सत्यवती सोनी, एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मारगांव के प्रधान पाठक डी.के. दुबे सहित अनेक शिक्षक एवं अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था प्रमुख द्वारा विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना एवं गिजुभाई के शैक्षणिक आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही शाला की विभिन्न समस्याओं को भी समुदाय के समक्ष रखा गया। वार्षिकोत्सव में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं पूर्व छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियाँ बजाईं। समुदाय की ओर से सभी बच्चों को उनकी सुंदर प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया।

पालकों के सहयोग से सहभोज की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष टीकाराम कुशराम, भगवत दास सोनवानी, ज्ञानवती आर्मो, इंदु बघेल, चरण कुमार कुलेश, रजनी मसराम एवं वर्तमान अध्यक्ष रूपदास गायकवाल सहित ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के पूर्व छात्रों, बाल केबिनेट, शिक्षिका कल्पना उइके, ग्राम के वरिष्ठजनों एवं रसोइयों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वर्षभर आयोजित गतिविधियों के लिए बच्चों को प्रमाण पत्र, कॉपी, पेन व कम्पास पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख द्वारा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सामूहिक भोज के साथ वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *