Dindori News : बसंत पंचमी पर शिक्षा और संस्कारों का संगम, विद्यालय दिवस ने जोड़ा पूर्व छात्रों से रिश्ता….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। आत्मनिर्भर शिक्षक संदर्भ समूह के तत्वावधान में बसंत पंचमी के अवसर पर समनापुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला शिकारी टोला, भालापुरी में विद्यालय दिवस के रूप में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं की सहभागिता से आयोजन विशेष रूप से यादगार रहा। शाला की प्रधान अध्यापिका उमा उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर पूर्व छात्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गर्व का क्षण बताया तथा शाला विकास में सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रूपदास गायकवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा की महत्ता एवं नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। इसी अवसर पर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती भी मनाई गई। प्रधान अध्यापिका उमा उपाध्याय ने नेताजी के जीवनवृत्त, साहस एवं देशभक्ति से जुड़े प्रसंगों को साझा किया।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में विद्यालय को सामाजिक चेतना केंद्र के रूप में विकसित करने पर बल दिया गया है और प्राथमिक शाला शिकारी टोला इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी बताया कि आत्मनिर्भर शिक्षक संदर्भ समूह द्वारा वर्ष 2020 से बसंत पंचमी को विद्यालय दिवस के रूप में मनाने की पहल की जा रही है। कार्यक्रम में शिक्षिका कल्पना, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, बाल कैबिनेट के प्रधानमंत्री शुभम् आमों एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को प्रसादी का वितरण किया गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *