डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में 25 जनवरी को आयोजित होने वाली मां नर्मदा जयंती एवं 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों आयोजनों को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आयोजनों को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व हम सभी के लिए गौरव का विषय हैं, जिन्हें अनुशासन, एकता और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।

बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर भदौरिया ने जिले के समस्त नागरिकों एवं वरिष्ठजनों से अपील की कि मां नर्मदा जयंती का पर्व शांति, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




