डिंडौरी। 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्य अतिथियों की जिलेवार सूची में संशोधन कर दिया है। संशोधित आदेश के अनुसार अब डिंडौरी जिले में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर जिला कलेक्टर द्वारा ध्वज फहराया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 23 जनवरी 2026 को जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में 21 जनवरी 2026 को जारी सूची में डिंडौरी जिले के लिए राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का नाम दर्ज था, जिसे संशोधित करते हुए अब यह जिम्मेदारी जिला कलेक्टर को सौंपी गई है।

शासन द्वारा जारी आदेश के तहत कटनी, दतिया, राजगढ़, मैहर, सीहोर के साथ-साथ डिंडौरी जिले में भी जिला कलेक्टर को मुख्य अतिथि नामित किया गया है। संशोधन के बाद सभी जिलों में गणतंत्र दिवस समारोह नए आदेश के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे।

गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस समारोह जिले का सबसे महत्वपूर्ण शासकीय आयोजन होता है, जिसमें ध्वजारोहण के साथ परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाता है। डिंडौरी में भी समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
