डिंडौरी । कलेक्टर सभाकक्ष में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंह सिंगौर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजकुमार डोंगरे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. जयश्री मरावी, जिला क्षय अधिकारी डॉ. मनोज उरैती सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विकासखंड स्तर से सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईई एवं बीसीएम भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान 01 अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें एएनसी पंजीयन, सीवियर एनीमिया, पीआईएच प्रबंधन, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केंद्र, परिवार कल्याण, आयुष्मान कार्ड, मातृ एवं शिशु मृत्यु, सिकल सेल एनीमिया तथा टीबी नियंत्रण कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
समीक्षा में जिन विकासखंडों में लक्ष्यानुसार उपलब्धि कम पाई गई, वहां के खंड चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने दो टूक कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
