Dindori News : कृषक कल्याण वर्ष का शुभारंभ, कृषि रथ को हरी झंडी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प के साथ डिंडौरी में आयोजन

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशन एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आज कृषि विज्ञान केंद्र, डिंडौरी में “समृद्ध किसान, समृद्ध प्रदेश” के उद्देश्य से कृषक कल्याण वर्ष के शुभारंभ अवसर पर कृषि रथ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर कृषक कल्याण वर्ष का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र राजपूत, जनपद सदस्य रजनी मांदे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. पंकज जैन, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. पी.एल. अंबुलकर, कृषि वैज्ञानिक डॉ. गीता सिंह, डॉ. रेणु पाठक, डॉ. अवधेश पटेल सहित उपसंचालक कृषि, परियोजना संचालक आत्मा, एसडीओ कृषि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम, कृषि विस्तार अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों ने कृषकों को संबोधित किया। जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती ने प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर देते हुए इसके पर्यावरणीय एवं आर्थिक लाभ बताए। सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र राजपूत ने फार्मर रजिस्ट्री, जैविक खेती तथा शासन की योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की जानकारी देते हुए ग्रामवार सिंचाई कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया, जिससे कृषि उत्पादकता में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

कृषि वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत खेती की तकनीकों, उन्नत बीज प्रजातियों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई। उपसंचालक कृषि ने ई-विकास पोर्टल, कृषि रथ के उद्देश्य तथा ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की ऑनलाइन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। परियोजना संचालक आत्मा ने प्राकृतिक खेती एवं जैविक संसाधन इकाइयों की उपयोगिता पर जानकारी साझा की, वहीं एसडीओ कृषि ने उन्नत कृषि यंत्रों एवं समन्वित कृषि प्रणाली पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, अधिकारियों एवं कृषकों की उपस्थिति में कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर कृषक कल्याण वर्ष का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *