Dindori News : 23 हजार घरों तक नल जल, 59 नए हेल्थ सेंटर, 76 किमी सड़कें स्वीकृत… 

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी । प्रभारी राज्यमंत्री एवं नगरीय विकास एवं आवास विभाग की मंत्री  प्रतिमा बागरी ने डिंडौरी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से डिंडौरी जिला बीते वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक वर्ष में सर्वाधिक निवेश प्रस्ताव लाने वाला देश का तीसरा राज्य बना है। निवेश को सरल, तेज एवं पारदर्शी बनाने के लिए एमपी इन्वेस्ट पोर्टल 3.0 लॉन्च किया गया है।

मंत्री बागरी ने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं को पुलिस, सेना एवं होमगार्ड में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने हेतु बैगा एवं सहरिया जनजाति के लिए बटालियन गठित की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 11 लाख 46 हजार आवास स्वीकृत कर मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर रहा है। नक्सल प्रभावित जिलों में विकेन्द्रीकृत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रारंभ किया गया है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा के समग्र विकास के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। बैगा क्षेत्रों में 32 नवीन आंगनवाड़ियां प्रारंभ की गई हैं तथा 902 बैगा परिवारों के घरों का विद्युतीकरण किया गया है। 31 सड़कों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 3 सड़कों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। योजना अंतर्गत 8021 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 4082 आवास पूर्ण हो चुके हैं। बैगा बाहुल्य ग्रामों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। सांदीपनि विद्यालय नरिया के लिए बालक एवं बालिका छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य प्रगतिरत है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय डिंडौरी को 100 से बढ़ाकर 200 बिस्तरों का कर दिया गया है। 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का निर्माण कार्य जारी है। पीएम जनमन योजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट से 68 पीवीटीजी ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। आरबीएसके कार्यक्रम के तहत बच्चों को निःशुल्क ऑपरेशन सुविधा तथा टीबी कार्यक्रम के अंतर्गत निश्चय मित्रों के माध्यम से मरीजों को पोषण सहयोग दिया जा रहा है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए हजारों घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं तथा हैंडपंप खनन कर जल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। कृषि क्षेत्र में खरीफ उपार्जन में किसानों की भागीदारी बढ़ी है तथा ‘एक जिला–एक उत्पाद’ योजना अंतर्गत कोदो-कुटकी के क्षेत्रफल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जिले में पहली बार कोदो-कुटकी की उपार्जन खरीदी प्रारंभ की गई है।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से दर्जनों हितग्राहियों को लाखों रुपये की सहायता दी गई है। आयुष विभाग के माध्यम से हजारों रोगियों को उपचार एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का लाभ मिला है। आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को राज्य स्तरीय रजत एवं कांस्य पदक से सम्मानित किया गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान सहित अनेक नवाचारों से जिले में विकास को गति मिली है।

मंत्री बागरी ने जिले की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि मिलेट क्वीन लहिरी बाई एवं वाटर वॉरियर उजियारो बाई को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से डिंडौरी का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा पंखिनी नवाचार के माध्यम से बालिकाओं एवं युवाओं को निःशुल्क कोचिंग और स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना की। अंत में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *