Dindori News : सचिव नदारद, पंचायत बेहाल ! ग्राम पंचायत का कामकाज ठप, सरपंच ने सचिव के विरुद्ध कार्रवाई की मांग….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत ढोडा में पदस्थ पंचायत सचिव जयंत कुमार मार्को की लगातार अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण पंचायत के शासकीय कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत की सरपंच सुशीला बाई तेकाम ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए सचिव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच द्वारा प्रस्तुत आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पंचायत सचिव लंबे समय से ग्राम पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। न तो वे ग्रामसभा बैठकों में भाग ले रहे हैं और न ही प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के सर्वे एवं क्रियान्वयन का कार्य किया जा रहा है। इससे ग्राम पंचायत ढोडा के ग्रामीण शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सचिव से फोन पर संपर्क करने पर वे स्वयं को अवकाश पर बताते हुए पंचायत कार्य करने में असमर्थता जताते हैं। सचिव की इस उदासीनता के कारण ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन, सत्यापन और स्वीकृति से जुड़े कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सरपंच सुशीला बाई तेकाम ने बताया कि सचिव की लगातार अनुपस्थिति को लेकर जनपद पंचायत शहपुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित एसडीएम को पूर्व में कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासनिक अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने मजबूर होकर सीएम हेल्पलाइन 181 में भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी प्रति आवेदन के साथ संलग्न की गई है।

गौरतलब है कि वर्तमान में ग्राम पंचायत ढोडा में सरपंच के अतिरिक्त कोई अन्य कर्मचारी पदस्थ नहीं है। न तो रोजगार सहायक की नियुक्ति की गई है और न ही कोई सक्रिय पंचायत सचिव कार्यरत है। केवल कागजों में सचिव की पदस्थापना होने से पंचायत का संपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिसे ग्रामीण गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मान रहे हैं। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत ढोडा में शीघ्र किसी जिम्मेदार एवं नियमित रूप से उपस्थित रहने वाले सचिव की पदस्थापना की जाए, ताकि पंचायत व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *