डिंडौरी। करंजिया में आयोजित लोक कल्याण शिविर के दौरान डिंडौरी जिले की कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया से शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने भेंट कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं से अवगत कराया। गर्ग ने बताया कि करंजिया विकासखंड सहित पूरे डिंडौरी जिले में ऐसे शिक्षक, जिन्होंने 12 एवं 24 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली है, उन्हें अब तक प्रथम एवं द्वितीय क्रमोन्नति का लाभ नहीं दिया गया है। इसके साथ ही शिक्षकों के एरियर का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा शिक्षकों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे बीईओ की मनमानी के चलते समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
इसके अलावा जिले में अनुकंपा नियुक्ति, निलंबित शिक्षकों की बहाली जैसे महत्वपूर्ण प्रकरण भी लंबित हैं। शिक्षकों ने यह भी बताया कि मध्याह्न भोजन योजना की राशि पिछले चार माह से प्राप्त नहीं हुई है, जबकि दूसरी ओर संलग्नीकरण की प्रक्रिया जारी है, जिससे शिक्षकों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षकों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने तथा शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।




