Dindori News : बजट 2026 पर डिंडौरी से बड़ा संदेश, क्या बदलने वाला है आम आदमी का भविष्य? जानिए किसे क्या मिला…?

Rathore Ramshay Mardan
5 Min Read

डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिंडौरी में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने की।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 हर नागरिक के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला बजट है। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान, किसानों के विश्वास को मजबूती, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और मध्यम व गरीब वर्ग को सशक्त करने का रोडमैप प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार देने वाले ऐतिहासिक बजट के रूप में याद किया जाएगा। यह इस शताब्दी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट है और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत किया जाना भारतीय संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण है।

मंत्री जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की ग्रोथ इंजन हैं। इसी सोच के अनुरूप बजट 2026 में महिला सशक्तिकरण को नीति और नीयत दोनों का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म सरकार की पहचान रही है और आज भारत “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर सवार होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका सबसे मजबूत इंजन नारी शक्ति है।

उन्होंने बताया कि बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। कैंसर सहित 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य या बहुत कम किया गया है। जिला स्तर पर बायोफार्मा और आयुष केंद्रों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एलआरएस के तहत विदेश यात्रा और बच्चों की विदेश शिक्षा को सस्ता किया गया है, वहीं टीडीएस से जुड़े मामलों को ऑटोमैटिक सिस्टम से सरल बनाया गया है।

युवाओं के लिए बजट को अवसरों से भरपूर बताते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास, शिक्षा से रोजगार, एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब, पर्यटन गाइडों का प्रशिक्षण, खेलो इंडिया मिशन और एमएसएमई ग्रोथ फंड जैसे प्रावधान युवा भारत को नई दिशा देंगे। सेवा क्षेत्र को देश की आर्थिक रीढ़ बनाते हुए 2047 तक वैश्विक हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एसएमई ग्रोथ फंड, लखपति दीदी योजना का विस्तार और स्वास्थ्य व देखभाल सेवाओं में महिलाओं को रोजगार देने जैसे प्रावधान बजट को ऐतिहासिक बनाते हैं।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर चर्चा करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को तकनीक से जोड़ने और पशुपालन, मछली पालन व प्राकृतिक फाइबर क्षेत्रों को मजबूती देने वाला है। 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों को मछली पालन से जोड़ने का निर्णय ग्रामीण रोजगार और पोषण सुरक्षा को नई मजबूती देगा।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, केमिकल पार्क, रक्षा और विमानन, स्वास्थ्य, बायोफार्मा, मानसिक स्वास्थ्य और व्यापार सुगमता से जुड़े प्रावधान भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक कदम हैं।

अंत में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस बजट को राजनीति के चश्मे से नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है। यह बजट सशक्त भारत, समृद्ध भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का विजन दस्तावेज है।

पत्रकार वार्ता में केंद्रीय बजट जिला संयोजक सुधीर दत्त तिवारी, सह संयोजक मालती तिवारी, बजट मीडिया समन्वयक अनूप गुप्ता, चंद्रशेखर नायक, अविनाश छावड़ा, जिला महामंत्री बद्री साहू, लक्ष्मण ठाकुर, उपाध्यक्ष ज्ञानदीप त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *