Dindori news : सम्मान की जगह अपमान ! वरिष्ठ शिक्षक को फोन पर धमकी, डिंडौरी शिक्षा जगत में आक्रोश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शिक्षा विभाग में एक गंभीर मामला सामने आया है। शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्रभारी प्राचार्य वेद प्रकाश साहू ने डाइट डिंडौरी में पदस्थ सहायक प्राध्यापक डॉ. रावेन्द्र कुमार मिश्रा पर अभद्र टिप्पणी और फोन पर धमकाने का आरोप लगाया है। प्राचार्य साहू का आरोप है कि 9 सितंबर 2025 को शाम 7:30 बजे डॉ. मिश्रा ने उनके निजी मोबाइल पर फोन कर उन्हें अपमानित करते हुए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। आरोप के मुताबिक बातचीत में डॉ. मिश्रा ने कहा – “तुम मेरी औकात नहीं जानते, दो कौड़ी के वरिष्ठ अध्यापक…” और शहपुरा आकर देख लेने जैसी धमकी भी दी।

वेद प्रकाश साहू ने बताया कि वे पिछले 22 वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएँ दे रहे हैं और वर्तमान में शहपुरा मॉडल स्कूल में प्रभारी प्राचार्य के पद पर सत्यनिष्ठा से कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार का दुर्व्यवहार न केवल शिक्षक की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि शिक्षा जगत के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्रा, जिनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर 21 अगस्त 2025 को सहायक प्राध्यापक पद पर पदस्थ किया गया है, इसके बाद भी दबंगई दिखाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कार्य और आदेश कर रहे हैं।

पीड़ित शिक्षक ने आशंका जताई है कि डॉ. मिश्रा अपने पद का दुरुपयोग कर उन्हें शासकीय सेवा में परेशान कर सकते हैं। मामले में साहू ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को लिखित शिकायत भेजते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मानव अधिकार आयोग, पिछड़ा वर्ग आयोग तथा शिक्षक संघ को भी भेजी गई है। साथ ही प्रकरण से जुड़ा ऑडियो क्लिप भी साक्ष्य के तौर पर संलग्न किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *