डिंडौरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत डिण्डौरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वर्षों से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं एसडीओपी अजय तिवारी के निर्देशन में थाना शाहपुर पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर लगातार मेहनत की।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 29 अप्रैल 2026 को लापता नाबालिग बालिका को बंशीखेड़ा, थाना बाबरी, जिला शामली से सुरक्षित दस्तयाब किया गया। करीब दो वर्षों तक चले इस खोज अभियान के बाद मिली सफलता पुलिस की दृढ़ता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केवल सिंह परते, सउनि लेखराम परते, सउनि संतोष वंशकार, प्रधान आरक्षक कोदूराम जोगी, आरक्षक मुकेश प्रधान, महिला आरक्षक उषा खडसे एवं आरक्षक जगदीश उफानिया का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस सफलता को ऑपरेशन मुस्कान अभियान की प्रभावशीलता का उदाहरण माना जा रहा है, जिसके तहत गुमशुदा बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।




