Dindori News : डिंडौरी में दशगात्र भोज के बाद फैली बीमारी, 2 दर्जन से अधिक ग्रामीण बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी में सामूहिक बीमारी! भोज के बाद 3 अस्पतालों में भर्ती मरीज

 

डिंडौरी। जिले के विकासखंड मेहंदवानी अंतर्गत ग्राम झामझोला में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भोज के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार, बीती रात आयोजित भोज में शामिल ग्रामीणों ने भोजन किया, जिसके कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।

 

 

स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया गया। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मरीजों को मंडला जिला अस्पताल, 12 मरीजों को मोहगांव और 8 मरीजों को मेहंदवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सभी मरीजों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा। डिंडौरी से पहुंची मेडिकल टीम ने गांव में कैंप लगाकर बीमार ग्रामीणों की जांच शुरू कर दी है तथा अन्य संभावित मरीजों की भी पहचान की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। भोज में परोसे गए खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

 

 

प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर गांव में स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को स्वच्छ भोजन एवं पानी के उपयोग की सलाह दी जा रही है। साथ ही, किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक आयोजनों के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करती है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *