— शिकायतों के बावजूद ठेकेदार–विभाग बेखबर…
डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत जल्दा मुड़िया के केंकरटोला मोहल्ला में नल-जल योजना की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां पिछले लगभग दो सप्ताह से लगातार पाईप से पानी लीकेज हो रहा है, जिसके कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है, जबकि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को फोन के माध्यम से दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य नहीं कराया है। स्थिति यह है कि पाईप से बहता पानी सड़कों और नालियों में जा रहा है, जबकि मोहल्ले के कई घरों तक पानी की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पा रही है।
भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की किल्लत ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे खासतौर पर महिलाओं और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाईप से पानी लीकेज को ठीक कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नल-जल योजना का लाभ आम लोगों तक सही तरीके से पहुंच सके।





