डिंडौरी: कलेक्टर नेहा मारव्या ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 (वाटरशेड विकास घटक) की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजना के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली और कार्यों की स्थिति का आंकलन किया।
विशेष रूप से SNH SPARSH प्रणाली के अंतर्गत आवंटित राशि के उपयोग की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवंटित राशि का समय पर और शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी कारणवश राशि का उपयोग नहीं हो पाता है, तो उसकी पूरी जानकारी समय पर प्रस्तुत की जाए।
इसके साथ ही, योजना के अनुबंधों की स्थिति और उनके अनुपालन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुबंध निर्धारित शर्तों और समयसीमा के अनुसार पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना, कृषि उत्पादन बढ़ाना और जल संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना है। बैठक में वाटरशेड विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने योजना से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की।




