डिंडौरी। एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने शुक्रवार को नायब तहसीलदार करंजिया के न्यायालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड दुरुस्ती से संबंधित दर्ज प्रकरणों में कई अनियमितताएँ पाई गईं। जांच में सामने आया कि कुछ प्रकरणों में आदेश पत्रिका संधारित नहीं की गई थी, वहीं कई प्रकरण निर्धारित तिथि पर न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा 58 प्रकरण ऐसे पाए गए, जिनमें पटवारी प्रतिवेदन प्रस्तुत होने के बावजूद उन्हें निराकरण के लिए पेश नहीं किया गया था।
इन लापरवाहियों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने प्रवाचक मुकेश पेंन्द्रो को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही नायब तहसीलदार को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक सप्ताह अपने न्यायालय का नियमित निरीक्षण करें और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में ग्राम रैतवार एवं खम्हरिया रैयत में रास्ता विवाद के संबंध में ग्रामीणों के साथ स्थल जांच की गई। खम्हरिया गांव में लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर मौके पर पहुंचते हुए विवाद का समाधान किया गया। मौके पर एसडीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और त्वरित निराकरण के लिए आभार जताया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत रैतवार में धरती आबा सर्वे का निरीक्षण किया गया। साथ ही विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना की जांच की गई, जिसमें दाल, चावल एवं सब्जी की गुणवत्ता अच्छी पाई गई। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति लगभग 90 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रशासन द्वारा किए गए इन निरीक्षणों एवं त्वरित कार्यवाही से न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा व्यक्त की गई है।




