डिंडौरी। जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए कलेक्टर भदौरिया ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए देर रात लगभग 10 बजे नगर के विभिन्न स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने के बावजूद कलेक्टर स्वयं रैन बसेरों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुँचीं और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर भदौरिया रैन बसेरा धर्मशाला, मुख्य बस स्टैंड, मंडला बस स्टैंड, नर्मदा डैम घाट, गुजराती धर्मशाला, बिलैया धर्मशाला एवं पुरानी डिंडौरी स्थित रैन बसेरों में पहुँचीं। उन्होंने वहाँ ठहरे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएँ जानीं और आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने नेपाल के जुमला जिले से जड़ी-बूटी बेचने आए नागरिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनका हाल-चाल जाना, ठंड से बचाव हेतु गर्म कपड़े उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया।
नर्मदा नदी किनारे स्थित गुजराती धर्मशाला में कलेक्टर ने नासिक, जबलपुर, ओंकारेश्वर, उज्जैन, रायसेन, नर्मदापुरम, सुहागपुर, गुजरात, खंडवा एवं नेपाल से आए परिक्रमा वासियों से चर्चा की। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और ठंड से बचाव के लिए चादर, कंबल तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए नगर में लकड़ी एवं जलावन की पर्याप्त व्यवस्था कराई गई है। बस स्टैंड, नर्मदा घाट, विभिन्न धर्मशालाओं, रैन बसेरों और प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी राहगीर, यात्री या परिक्रमा वासी को ठंड से परेशानी न हो। रुकने और आराम की भी पर्याप्त व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, नगर पालिका अधिकारी अमित तिवारी, तहसीलदार राम प्रसाद मार्को सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




