डिंडौरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बालाघाट में आयोजित ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ कार्यक्रम में नक्सलियों के आत्मसमर्पण कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को पूरी तरह शांतिपूर्ण और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों को नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त करने के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती, सशस्त्र बलों की कार्ययोजना और सुरक्षा रणनीतियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नक्सल उन्मूलन के लिए सतत् निगरानी, बेहतर इंटेलिजेंस एवं समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डिंडौरी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले से सहभागिता दर्ज की और सुरक्षा एवं विकास संबंधी बिंदुओं पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम में नक्सलियों के आत्मसमर्पण को प्रदेश में शांति बहाली और विकास को गति देने की महत्वपूर्ण पहल बताया गया।




