डिंडौरी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने जनपद पंचायत समनापुर के ग्राम पंचायत बरगांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मनरेगा के तहत निर्धारित लेबर नियोजन नहीं पाया गया, जिस पर सीईओ ने ग्राम रोजगार सहायक को निर्देशित किया कि सभी हितग्राही मूलक और सामुदायिक कार्यों में श्रमिकों को नियोजित करते हुए वार्षिक लेबर बजट की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
सीईओ ने परियोजना अधिकारी मनरेगा को पंचायत की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने और संतोषजनक प्रगति न मिलने पर ग्राम रोजगार सहायक के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही खेत तालाब के हितग्राही गुंदी सिंह को कार्य समय पर पूर्ण कराने के लिए लेबर नियोजन सुनिश्चित करने की समझाइश दी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित प्रेम सिंह के आवास स्थल का निरीक्षण करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने उन्हें आवास निर्माण शीघ्र प्रारंभ कर समय पर पूर्ण करने की सलाह दी। उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक और एपीओ बिशन सिंह को निर्देशित किया कि मनरेगा मजदूरी की राशि सभी हितग्राहियों को समय पर उपलब्ध हो, इसके लिए समय पर मस्टररोल जारी किए जाएँ। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी मनरेगा प्रदीप कुमार शुक्ला, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी बिशन सिंह, उपयंत्री अरुण भगतया, अमित गांगुली, सरपंच एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।





