Dindori News : कलेक्टर ने मतदाता सूची डिजिटलीकरण में ढिलाई बरतने वाले बीएलओ को जारी किया कारण बताओ नोटिस

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 जैसे महत्वपूर्ण कार्य में उदासीनता बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने डिंडौरी में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 103 शहपुरा के 34 और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 104 डिंडौरी के 32 बीएलओ सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

समय सीमा की बैठक में एसआईआर प्रक्रिया और गणना पत्रकों के डिजिटलीकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गणना पत्रकों के डिजिटलीकरण में प्रतिदिन 15 प्रतिशत की प्रगति सुनिश्चित की जाए। बीएलओ के सहयोग हेतु पटवारी, सचिव और रोजगार को भी कार्य में लगाया गया है।

इसके अलावा सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखंड शिक्षाधिकारी और बी.आर.सी. को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने समस्त जनपद पंचायत के सीईओ और सीएमओ को वार्ड स्तर के अमले को मतदान केंद्रवार गणना पत्रक के कलेक्शन और डिजिटलीकरण में लगाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटलीकरण प्रक्रिया को तेज किया जाए और गणना पत्रकों के डिजिटलीकरण में प्रतिदिन कम से कम 15 प्रतिशत की प्रगति हो। उन्होंने यह भी कहा कि फार्म को निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।

रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए कि ऐसे बीएलओ जो 200 से कम प्रगति दिखा रहे हैं, उन्हें तुरंत नोटिस जारी किया जाए। जिले में अब तक 71,581 से अधिक फार्म का डिजिटलीकरण हो चुका है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में फार्म डिजिटलीकरण के लिए बाकी हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को शुद्ध बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को प्रगति बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *