डिंडौरी/शहपुरा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, नाट्य मंचन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। विद्यालय की प्राचार्य सुमन पांडे ने बताया कि बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार यह दिवस जनजातीय समाज के गौरव, त्याग और संघर्ष की स्मृति में मनाया जा रहा है। विद्यालय में इस अवसर पर प्रतिदिन रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय नायकों के प्रति गौरव, सम्मान और प्रेरणा की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वीरगाथा काल पर आधारित नाट्य मंचन, मनमोहक गीत और नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिनके माध्यम से उन्होंने जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को प्रभावी रूप में अभिव्यक्त किया। विद्यालय परिसर देशभक्ति और जनजातीय गौरव की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएँ एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





