डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को वन अधिकार दावों के निराकरण और नवीन MPFRA पोर्टल पर दावों के पंजीयन एवं प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डिंडौरी ने वनग्रामों के पंचायत सचिवों, वनरक्षकों, ग्राम स्तरीय वनाधिकार समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा रोजगार सहायकों को पोर्टल के संचालन और दावा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में लंबित वन अधिकार दावों के शीघ्र निराकरण के लिए 15 अगस्त 2026 से पूर्व सभी वनाधिकार समितियों की बैठकें आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नवीन MPFRA पोर्टल पर वन अधिकार दावों का पंजीयन एवं संबंधित प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण से पूर्व अनुविभागीय अधिकारी कक्ष में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति के सचिव एवं सहायक आयुक्त राजेन्द्र जाटव ने पोर्टल की तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक बारीकियों की जानकारी अनुविभागीय अधिकारी (वन) डिंडौरी एवं शहपुरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमरपुर एवं समनापुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर एवं समनापुर तथा नायब तहसीलदार शाहपुर सहित संबंधित अधिकारियों को दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व, वन एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य वन अधिकार दावों के निराकरण की प्रक्रिया को तेज करना तथा नवीन डिजिटल पोर्टल के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना रहा।




